Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 7, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

सीएम धामी ने युवाओं से जाना विकसित उत्तराखण्ड का सपना, 2.67 लाख विद्यार्थियों ने साझा किए विचार



रुद्रपुर में आयोजित ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ विषयक ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके विचार, सुझाव और विकसित उत्तराखण्ड को लेकर उनकी परिकल्पनाएं जानीं। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कहा कि युवा शक्ति प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है और उनके विचार उत्तराखण्ड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है। शिक्षा के साथ युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ‘विकसित भारत–विकसित उत्तराखण्ड’ के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, कृषि, खेल, तकनीक और विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड पर्यटन, विकास, नवाचार और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा देश-दुनिया में नेतृत्व करने के अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने नेतृत्व क्षमता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि लीडरशिप केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाला व्यक्ति अपने क्षेत्र में नेतृत्वकर्ता होता है। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार साझा किए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के विचार उत्तराखण्ड के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी जागरूकता और संकल्प को दर्शाते हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 800 छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद रहे। इस दौरान महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रामपाल सिंह, दिनेश मानसेरा, उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment