September 21, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

देहरादून में दिनदहाड़े मंदिर में शिवलिंग से चांदी का छत्र चोरी, पुलिस चौकी और मंत्री आवास के पास वारदात से मचा हड़कंप

देहरादून। राजधानी देहरादून के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में शामिल दिलाराम बाजार स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाजार में लोगों की आवाजाही के बीच एक अज्ञात चोर शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का छत्र चोरी कर फरार हो गया। हैरत की बात यह है कि यह घटना ऐसे इलाके में हुई, जहां चौबीसों घंटे पुलिस की मौजूदगी रहती है। घटनास्थल से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का सरकारी आवास महज 400 मीटर दूर है, जबकि राजभवन और मुख्यमंत्री आवास भी करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं।

घटना 26 जून की शाम करीब 4:40 बजे की है। श्री राधा कृष्ण मंदिर में एक अज्ञात व्यक्ति श्रद्धालु बनकर दाखिल हुआ और मौका मिलते ही शिवलिंग पर स्थापित चांदी का छत्र उतारकर अपने कपड़ों में छिपा लिया। इसके बाद वह आराम से मंदिर से बाहर निकल गया। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

शाम को जब मंदिर के पुजारी राजेंद्र प्रसाद थपलियाल की नजर शिवलिंग पर गई तो चांदी का छत्र गायब मिला। उन्होंने तत्काल मंदिर प्रबंधन समिति को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी की पूरी घटना सामने आई, जिसमें आरोपी स्पष्ट रूप से छत्र उतारकर अपने कपड़ों में छिपाते हुए दिखाई दे रहा है।

मंदिर प्रबंधन से जुड़े अरविंद प्रसाद ने डालनवाला थाने में तहरीर देकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस इलाके में पुलिस की नियमित तैनाती रहती हो और जहां वीआईपी मूवमेंट लगातार बना रहता हो, वहां दिनदहाड़े मंदिर से चोरी की घटना होना लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों और मंदिर प्रबंधन ने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ ही धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Comment