Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 15, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

सीएम धामी ने सुनीं जनता की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार और आर्थिक सहायता समेत विभिन्न क्षेत्रीय एवं व्यक्तिगत समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जिन मामलों का निस्तारण जिला या विभागीय स्तर पर किया जा सकता है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर पर लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। अधिकारियों को अपने स्तर पर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि आमजन को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाना जरूरी है। अधिकारियों को लोगों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनने और नियमानुसार उनका जल्द समाधान करने को कहा गया।

### शिकायतों के समाधान पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जन शिकायतों के निस्तारण को प्रभावी बना रही है। इन कार्यक्रमों के तहत प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। शिकायतों के निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग हो और यह सुनिश्चित किया जाए कि समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत भी मिले।

### 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविरों के साथ स्वास्थ्य और बहुउद्देशीय शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी और लाभ आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

### ताइक्वांडो पदक विजेता खिलाड़ियों से मिले CM

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी से ‘9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026’ में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी मुलाकात की। यह प्रतियोगिता 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक पटाया, चोनबुरी, थाईलैंड में आयोजित हुई थी।

प्रतियोगिता में उत्तराखंड के मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक जीते। मुख्यमंत्री ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल, डीएम देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment