September 29, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

Uttarakhand: UKSSSC और नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, मुख्य सचिव ने दिए कड़े निर्देश


मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 14 जून को आयोजित होने वाली UKSSSC स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा तथा 21 जून को प्रस्तावित नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में परीक्षा केंद्रों की तैयारियों, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, संवेदनशील केंद्रों की पहचान तथा अभ्यर्थियों की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हेल्पलाइन और सूचना तंत्र को भी सक्रिय रखने को कहा गया। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Comment