Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 31, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में मौसम का डबल अटैक: मैदानों में हीटवेव, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी



उत्तराखंड में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर मैदानी जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को परेशान कर रही है, तो वहीं दूसरी ओर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में काशीपुर 44 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। वहीं पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में मंगलवार को बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का भी अनुमान है।

सोमवार को चमोली स्थित हेमकुंड साहिब, बद्रीनाथ धाम के नर-नारायण पर्वत और पिथौरागढ़ के नाभीढांग की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी देखने को मिली। वहीं चमोली के जोशीमठ में 2.2 मिमी, चंपावत में 1.0 मिमी, मुनस्यारी में 0.4 मिमी और केदारनाथ में 0.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अल्मोड़ा के देवीधुरा में भी 1.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई।

राजधानी देहरादून में मंगलवार को मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है, हालांकि कुछ इलाकों में बादल विकसित हो सकते हैं। मौसम विभाग ने शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है, जबकि सुबह न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Comment