Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
November 5, 2026
Daily Lok Manch
Recent उत्तराखंड धर्म/अध्यात्म

पीएम मोदी के बाबा बदरीनाथ और केदारनाथ के संभावित दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21अक्टूबर को बदरीनाथ और केदारनाथ के संभावित दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन के साथ खुफिया एजेंसी ने तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक प्रधानमंत्री का कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं मिला है। लेकिन जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। बदरीनाथ धाम में जिलाधिकारी हिमांशु खुराना के साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों ने बदरीनाथ धाम में संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी के साथ ही अन्य अधिकारियों ने बदरीनाथ धाम में प्रधानमंत्री कार्यक्रम के कार्यक्रम स्थल, मंदिर दर्शन, माणा गांव, मास्टर प्लान के कार्यों के निरीक्षण का रूट, जनसभा स्थल, मंच संचालन, वीआईपी व वीवीआईपी के लिए आवास व्यवस्था की तैयारियों का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बदरीनाथ धाम के संभावित कार्यक्रम को लेकर खुफिया तंत्र और पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। जोशीमठ से लेकर बदरीनाथ धाम तक होटल, धर्मशाला, लॉज के साथ ही दुकानों में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर बदरीनाथ धाम में सभी होटलों में बुकिंग काउंटर पर रजिस्टर खंगाले जा रहे हैं। संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी ली जा रही है। यदि कोई तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम में दो दिन से अधिक दिन तक रुक रहा है तो उसकी सूचना थाना पुलिस को दी जा रही है। साथ ही वाहनों की चेकिंग भी शुरू कर दी गई है।

Leave a Comment