September 22, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में बारिश का यलो अलर्ट, कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी; भूस्खलन से मार्ग प्रभावित

उत्तराखंड में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। पहाड़ी जिलों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

लगातार हो रही बारिश का असर राज्य के कई प्रमुख मार्गों पर भी दिखाई दे रहा है। पिथौरागढ़ जिले में चीन सीमा तक जाने वाले तवाघाट-गुंजी कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर बुधवार दोपहर तवाघाट और मलघाट के बीच अचानक पहाड़ी दरकने से भूस्खलन हो गया। मलबा आने से मार्ग बंद हो गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। वहीं उत्तरकाशी के नेताला क्षेत्र में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी भूस्खलन के कारण कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही बाधित रही।

इधर, भारी बारिश से क्षतिग्रस्त मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग की अस्थायी मरम्मत पूरी होने के बाद बुधवार से यातायात दोबारा शुरू कर दिया गया है। हालांकि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक इस मार्ग पर केवल एंबुलेंस, आपातकालीन सेवाओं और अन्य आवश्यक वाहनों को ही आवागमन की अनुमति दी गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

Leave a Comment