Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 6, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड के आठ जिलों में आज यलो अलर्ट, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान



उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के आठ जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में खुले इलाकों और सड़क पर सफर करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के कारण पेड़ या कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बनी रह सकती है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार, बढ़ेगी ठंड
प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी मौसम बदलने के आसार हैं। अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से आसपास के इलाकों में ठंड बढ़ सकती है।
मौसम में इस बदलाव का असर चारधाम और अन्य ऊंचाई वाले पर्यटन क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से मौसम की जानकारी लेकर ही आगे बढ़ने की अपील की है। विशेष रूप से ऊंचाई वाले इलाकों में अचानक मौसम खराब होने की स्थिति को देखते हुए यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मैदानी जिलों में बारिश और तेज हवाओं के दौरान तापमान में भी गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग लगातार परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए है। लोगों को सलाह दी गई है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें और तेज हवाओं के समय अनावश्यक यात्रा न करें।

Leave a Comment