Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 20, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

कृषि कानून को लेकर राज्यपाल मलिक की अब क्यों है नाराजगी ? पीएम मोदी पर फिर उठाए सवाल, भाजपा की उन्हें बर्दाश्त करने की मजबूरी या कुछ और

मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने अब पूरा मन बना लिया है कि भाजपा के साथ नहीं रहना है। वहीं दूसरी ओर भाजपा हाईकमान भी सत्यपाल मलिक को अब बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। लेकिन पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव तक केंद्र सरकार सत्यपाल मलिक को बर्दाश्त करती रहेगी। हम यह बातें इसलिए आज आपको बताने जा रहे हैं कि केंद्र सरकार के पिछले वर्ष कृषि कानून लागू करने के बाद राज्यपाल सत्यपाल मलिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार हमलावर हैं। बात को आगे बढ़ाने से पहले बता दें कि सतपाल मलिक पश्चिम उत्तर प्रदेश के मेरठ बेल्ट के रहने वाले हैं। जिस प्रकार से गवर्नर मलिक प्रधानमंत्री पर आरोप लगा रहे हैं उतना तो किसानों और उनके नेताओं ने भी भाजपा सरकार पर नहीं लगाए। अब एक बार फिर मलिक गाजियाबाद के दादरी एक समारोह में शामिल होने आए थे। यहां कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर फिर हमला बोला। मलिक ने कहा, ‘मैं किसानों के मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने गया। वहां मेरी 5 मिनट में लड़ाई हो गई। प्रधानमंत्री बहुत घमंड में थे। जब मैंने उन्हें कहा कि 500 लोग मर गए हैं, तो उन्होंने कहा कि मेरे लिए मरे हैं? इस पर मैंने कहा कि आपके लिए तो मरे हैं, जो आप राजा बने हुए हो। वहां झगड़ा हो गया। मलिक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें गृह मंत्री अमित शाह से मिलने की सलाह दी। इसके बाद वे शाह से मिले। शाह ने कहा कि सत्यपाल लोगों ने उन्हें गलत फीडबैक दिया है। तुम बेफिक्र रहो, मिलते रहो। किसी न किसी दिन उन्हें यह बात समझ आ जाएगी। सतपाल मलिक के बयान के बाद कांग्रेस पार्टी ने भी अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। सत्यपाल मलिक का जो वीडियो वायरल है उसमें वह कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी को घमंडी बता रहे हैं। मलिक के इस वीडियो को अब कांग्रेस ने शेयर किया है। सत्यपाल मलिक मेघालय से पहले जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल रह चुके हैं। वे किसान आंदोलन के समय भी केंद्र सरकार पर हमला करते रहे हैं। बता दें कि सत्यपाल मलिक का राजनीतिक रिश्ता बीजेपी से रहा है, अब वो राज्यपाल हैं लेकिन पिछले कुछ वक्त से लगातार बीजेपी सरकार पर ही सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Comment