Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 20, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

पिथौरागढ़-चमोली में बर्फबारी, कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का असर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को पिथौरागढ़ और चमोली के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई, जिससे ठंड बढ़ गई। पिथौरागढ़ के नाभीढांग और चमोली स्थित हेमकुंड साहिब में सफेद चादर बिछ गई। वहीं अल्मोड़ा समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश होती रही।

मसूरी, नैनीताल सहित चार शहरों में ओले गिरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज हवाओं और बारिश के चलते कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने प्रदेश के सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में तेज बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

इसके अलावा नौ जिलों में तेज बौछारों और हवाओं को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। लगातार बदल रहे मौसम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

Leave a Comment