Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 8, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

पहाड़ से मैदान तक बदलेगा मौसम, उत्तराखंड के 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। वहीं 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अनुमान भी जताया गया है। राज्य के अन्य जिलों में भी गरज के साथ बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और भारी बौछारों की संभावना बनी हुई है।

हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इससे पहले गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। देहरादून के हाथीबड़कला क्षेत्र में 35 मिमी, उत्तरकाशी के कोटी में 34 मिमी, पौड़ी में 30 मिमी और मुक्तेश्वर में 29 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मसूरी, रानीखेत, थलीसैंण, नैनीताल और ऊखीमठ सहित कई इलाकों में भी बारिश हुई।

देहरादून में गुरुवार देर शाम आई तेज आंधी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। राजपुर रोड पर एनआईवीएच के पास और जाखन रोड पर चलती गाड़ियों पर पेड़ गिरने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। दोनों ओर करीब 9 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Leave a Comment