उत्तर भारत में सप्ताह के अंत तक लू स्थिति और गंभीर हो सकती है। आईएमडी ने बताया कि 17 से 19 अप्रैल के बीच दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान और हरियाणा, पंजाब के कुछ हिस्सों पर आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही रहेगी है। इस दौरान तेज हवाओं के झोंके साथ हल्की बारिश के आसार हैं। हालांकि, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत अधिकांश राज्यों में गर्मी और लू का खतरा बनता दिख रहा है। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के दौरान पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से उत्तराखंड में आंशिक, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय भागों पर आंधी-बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। स्काईमेट ने 16 से 19 अप्रैल तक पूर्वोत्तर भारत के सात राज्यों 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और झमाझम बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। वहीं दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों में हीटवेव का अलर्ट घोषित है, लेकिन केरल और आंध्र प्रदेश के तटीय भागों पर बादलों के बरसने के संकेत हैं।
राजस्थान में मौसम कैसा है
राजस्थान में पिछले कई दिनों से बढ़ते तापमान ने हाल-बेहाल कर रखा है। पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस के आसपास बढ़ोतरी हुई है। आईएमडी के मुताबिक, बाड़मेर में सबसे अधिक 42.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान पहुंच गया है। अब हीटवेव का अलर्ट जारी होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 17 अप्रैल से राज्य के एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग समेत आसपास कुछ क्षेत्रों पर मेघ गर्जन के साथ आंधी और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। हालांकि, अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और गर्मी का असर तेज होगा। उधर, पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर अगले 3 दिन के दौरान मौसमी गतिविधियां होने का अनुमान है। माना जा रहा है कि आंधी के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश से मौसम बदल सकता है। हालांकि, राज्य में लू के आसार बनते दिख रहे हैं।
उत्तराखंड में गर्मी होगी क्या
आईएमडी का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक असर ही उत्तराखंड के मौसम को प्रभावित कर सकता है, लेकिन अधिकांश भागों पर मौसम शुष्क रहेगा। अगले 2 दिन तक कुछ हिस्सों पर बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन हरिद्वार, देहरादून, ऋषिकेश, रुड़की, श्रीनगर, कोटद्वार और विकासनगर के निचले क्षेत्रों पर गर्मी बेहाल कर सकती है। हालांकि, ऊंचाई वाले हिस्सों पर बारिश से मौसम सुहाहना हो सकता है।
हिमाचल प्रदेश कैसा रहेगा मौसम का हाल
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके असर मौसम करवट लेने वाला है। आईएमडी ने शुक्रवार से रविवार तक राज्य के हिमालयी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश -बर्फबारी और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। खासकर, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, चंबा समेत कुछ आसपास के स्थानों पर अंधड़ और ओलावृष्टि का खतरा जताया है। मेघ गर्जन के साथ बारिश से खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली से सावधान रहने के लिए कहा गया है।
जम्मू-कश्मीर में लगातार कई दिनों से शुष्क मौसम को पश्चिमी विक्षोभ बदल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 17 अप्रैल से मौसम करवट लेगा और पहाड़ी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बादलों की आवाजाही शुरू होगी। अगले तीन दिन तक रुक-रुक कर मेघ गर्जन के साथ बारिश और कहीं-कहीं हल्की बर्फबारी के साथ ओले गिर सकते हैं। इससे तापमान में फिर से गिरावट हो सकती है। खासकर, घाटी में लोगों को सर्दी का एहसास होगा। आईएमडी की मानें तो जम्मू क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे जल्द ही हीटवेव की एंट्री के संकेत हैं।
दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ते तापमान से लोगों को परेशानी महसूस होने लगी है। गर्मी और उमस से बेचैनी बढ़ रही है। मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले दिन के मुकाबले 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और न्यूमतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहना। अनुमान है कि वीकेंड तक हालात और खराब हो सकते हैं। आईएमडी ने अगले 2 दिन के दौरान आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही रहने का अनुमान है और कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है, जिससे गर्मी से त्वरित राहत मिल सकती है। हालांकि, हवा की क्वालिटी में बेहद सुधार नहीं है और एक्यूआई 230 के आसपास रिकॉर्ड किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है

