Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 30, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

13 नवंबर को देहरादून में जुटेंगे देश-विदेश के प्रवासी उत्तराखण्डी, मुख्य सचिव ने तैयारियों को समय पर पूरा करने के दिए निर्देश




उत्तराखण्ड के विकास में प्रवासी उत्तराखण्डियों की भागीदारी बढ़ाने और उनके अनुभवों का लाभ राज्य को दिलाने के उद्देश्य से 13 नवंबर को देहरादून में तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में समीक्षा बैठक हुई। इसमें आयोजन की रूपरेखा से लेकर अतिथियों के चयन, विभिन्न सत्रों और व्यवस्थाओं तक कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन का आयोजन दून विश्वविद्यालय स्थित डॉ. नित्यानंद ऑडिटोरियम में होगा। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन में देश-विदेश में अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले प्रवासी उत्तराखण्डियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव, उपलब्धियां और विशेषज्ञता राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसलिए सम्मेलन को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे राज्य के विकास से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्य सचिव ने पूरे देश का प्रतिनिधित्व सम्मेलन में सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रवासी उत्तराखण्डियों को आमंत्रित किया जाए। उन्होंने खास तौर पर युवाओं को सम्मेलन से जोड़ने पर जोर दिया। उनका कहना था कि युवा पीढ़ी को प्रवासी उत्तराखण्डियों की सफलता, नवाचार और कार्य अनुभवों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलना चाहिए।
बैठक में सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों के पंजीकरण, उद्घाटन सत्र की रूपरेखा और विशिष्ट प्रवासी उत्तराखण्डी अतिथियों के संबोधन को लेकर चर्चा हुई। इसके साथ ही अलग-अलग विषयों पर आयोजित होने वाले सत्रों के पैनलिस्ट तय करने, कार्यक्रम की अवधि और सत्रों के स्वरूप पर भी विचार-विमर्श किया गया।


युवाओं की भागीदारी पर रहेगा विशेष जोर

सम्मेलन के दौरान सांस्कृतिक संध्या के आयोजन, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी तैयारियों के लिए विस्तृत कार्ययोजना और चेकलिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी को स्पष्ट रूप से सौंपी जाए और उसकी प्रगति की नियमित निगरानी की जाए, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
मुख्य सचिव ने प्रवासी प्रकोष्ठ और संबंधित अधिकारियों को मंगलवार तक सम्मेलन की प्रस्तावित कार्यक्रम रूपरेखा तथा आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने को कहा। बैठक में अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों का प्रस्तुतिकरण भी दिया। मुख्य सचिव ने आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सम्मेलन को प्रभावी, सुव्यवस्थित और उद्देश्यपूर्ण बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. आर. राजेश कुमार, दीपेंद्र चौधरी, युगल किशोर पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी और प्रवासी प्रकोष्ठ के सुधीर नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment