Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 15, 2026
Daily Lok Manch
Recent उत्तराखंड

उत्तराखंड-चमोली टनल हादसे में 7 लोगों की मौत, 3 अब भी फंसे, 15 घंटे से रेस्क्यू जारी, मुख्यमंत्री धामी ने सुरंग के अंदर पहुंचकर लिया जायजा


उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजना की टनल में हुए भूस्खलन और पानी के तेज रिसाव से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में अब तक 7 श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टनल में कुल 22 मजदूर फंसे थे, जिनमें से अधिकांश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कुछ श्रमिकों की तलाश अभी भी जारी है।



टनल के भीतर पानी और मलबा भर जाने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीआईएसएफ, सेना और अन्य एजेंसियों की टीमें लगातार राहत अभियान में जुटी हुई हैं। अब तक कई घायलों को गोपेश्वर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया गया है।



आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राज्य और जिला स्तर के आपातकालीन संचालन केंद्रों से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा ले रहे हैं। इसके साथ ही वे अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल भी जानेंगे।



टनल के अंदर फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं और प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान को तेज कर दिया है।

Leave a Comment