Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 15, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड: बर्नीगाड़ को ₹217 करोड़ की सौगात, 38 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण, नए कॉलेज का भी शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जिले के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित बर्नीगाड़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने करीब 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 योजनाओं का शिलान्यास और 8 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का भी शुभारंभ किया और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण जल्द शुरू करने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने और बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की घोषणा भी की। उन्होंने डाडा गांव छानी से टटाऊ तक प्रस्तावित पुल एवं सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की बात कही।

जनसेवा शिविर में लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और उपकरण वितरित किए। साथ ही अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और आम लोगों को मिल रहे लाभों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए तहसील और जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।

सड़क, शिक्षा और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्नीगाड़ क्षेत्र में जिन विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है, उनसे स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी। सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के शुभारंभ से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और इसके स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। राज्य सरकार दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क तथा रोजगार की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।

3.10 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क, पर्यटन, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। गरीबों, किसानों, युवाओं, सैनिकों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलों से भी महिलाओं को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत मिली है, जबकि जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुआ है।

चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यात्रा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। प्रदेश में सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।

पांच साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का बर्नीगाड़ आगमन पर स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Comment