U19 World Cup : फाइनल में इंग्लैंड को हराकर भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप का बना विजेता - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
March 20, 2026
Daily Lok Manch
Recent स्पोर्ट्स

U19 World Cup : फाइनल में इंग्लैंड को हराकर भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप का बना विजेता

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से करारी शिकस्त देकर छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को खेले गए इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारत के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 30 बाउंड्री के साथ 175 रन की यादगार पारी खेली और टीम की जीत की नींव रखी।

411 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 9 विकेट खोकर 411 रन बनाए। भारत को 20 के स्कोर पर आरोन जॉर्ज (9) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला।

कप्तान म्हात्रे और वेदांत त्रिवेदी का अहम योगदान

आयुष म्हात्रे 51 गेंदों में 53 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सूर्यवंशी ने वेदांत त्रिवेदी के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में 89 रन जोड़ते हुए भारत को 251 के स्कोर तक पहुंचाया। वैभव सूर्यवंशी 80 गेंदों में 15 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 175 रन बनाकर आउट हुए।

मध्यक्रम और निचले क्रम की उपयोगी पारियां

सूर्यवंशी के आउट होने के बाद विहान मल्होत्रा और वेदांत त्रिवेदी ने 51 रन की साझेदारी कर टीम को 300 के पार पहुंचाया। विहान मल्होत्रा 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद अभिज्ञान कुंडु ने 31 गेंदों में 40 रन की तेज पारी खेली। अंतिम ओवरों में कनिष्क चौहान ने 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाकर भारत का स्कोर 411/9 तक पहुंचा दिया।

इंग्लैंड के गेंदबाजों का प्रदर्शन

इंग्लैंड की ओर से जेम्स मिंटो ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके। सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन ने 2-2 विकेट लिए, जबकि मैनी लम्सडेन को 1 सफलता मिली।

412 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ढेर

412 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवरों में 311 रन पर सिमट गई। इंग्लिश टीम ने 19 के स्कोर पर जोसेफ मूर्स (17) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद बेन डॉकिन्स और बेन मेयस ने दूसरे विकेट के लिए 74 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की।

फाल्कनर की शतकीय पारी भी नहीं दिला सकी जीत

बेन मेयस 45 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बेन डॉकिन्स ने थॉमस रेव के साथ 49 रन और कैलेब फाल्कनर के साथ 32 रन की साझेदारी की। इंग्लैंड ने 20.4 ओवरों में 174 के स्कोर पर चौथा विकेट गंवाया और 21.6 ओवरों तक टीम का स्कोर 177/7 हो गया। यहां से कैलेब फाल्कनर ने मोर्चा संभाला और 67 गेंदों में 7 छक्कों व 9 चौकों की मदद से 115 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

भारत की ओर से आरएस अंबरीश ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके। दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान को 2-2 सफलता मिली, जबकि एक विकेट आयुष म्हात्रे ने हासिल किया।

Related posts

10 अक्टूबर, शुक्रवार का पंचांग और राशिफल

admin

एमसीडी में हार के बाद दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दिया इस्तीफा

admin

MP Bus accident भीषण हादसा  : मध्यप्रदेश में सवारियों से भरी बस पुल पुल को तोड़ते हुए नदी में जा गिरी, 15 यात्रियों की मौत, कई लोग घायल, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा, बचाव कार्य जारी, देखें वीडियो

admin

Leave a Comment