उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा : चकराता घूमने जा रहे पर्यटकों की कार गहरी खाई में गिरी, 2 की मौत, 3 गंभीर घायल - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 18, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा : चकराता घूमने जा रहे पर्यटकों की कार गहरी खाई में गिरी, 2 की मौत, 3 गंभीर घायल

उत्तराखंड के देहरादून जिले में साहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बिजनौर से चकराता घूमने जा रहे पर्यटकों की कार कलेथा गांव के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा शाम करीब पांच बजे हुआ। उत्तर प्रदेश के बिजनौर से पांच लोग हुंडई आई-20 कार (UP15DB8712) में सवार होकर वाया क्वानू चकराता की ओर जा रहे थे। कलेथा के समीप अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।


स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही साहिया थाना पुलिस और एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम के संयुक्त प्रयास से सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक लाया गया। इसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) साहिया भेजा गया।


डॉक्टरों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों का सीएचसी साहिया में उपचार जारी है। जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की भी तैयारी की जा रही है।


पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, घायलों का उपचार कराने के साथ उनकी पहचान और परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई भी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।


इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि पहाड़ी सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें और पूरी सावधानी के साथ यात्रा करें।

Related posts

Heavy Rain Collapsed House VIDEO : कई राज्यों में बारिश का कहर, घनसाली में बाल गंगा नदी के तट पर बने कई मकान देखते-देखते ही पानी में बह गए, देखें वीडियो 

admin

आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की

admin

ऑपरेशन कालनेमि : देवभूमि में “धर्म के नाम पर धोखा नहीं”, उत्तराखंड में धार्मिक चोला पहनकर पाखंड करने वाले 38 बाबाओं को किया अरेस्ट, पहचान लीजिए इन बहुरूपियों को, देखें वीडियो

admin

Leave a Comment