Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 11, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा : 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के 4 समेत 5 लोगों की मौत



उत्तराखंड के नैनीताल जिले में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार नीचे गिरते समय एक पेड़ से टकराकर बीच खाई में ही अटक गई। दुर्घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। गहरी खाई और दुर्गम रास्तों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। बचावकर्मियों को रस्सियों के सहारे खाई में उतरना पड़ा। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कार तक पहुंचकर शवों को बाहर निकाला।

हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45), बेटे वासु चुफाल (19) और बेटी रवी चुफाल (12) के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा का रहने वाला था, लेकिन लंबे समय से लखनऊ में रह रहा था। हादसे में कार चालक अनुज कुमार मिश्रा (34) की भी जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भवाली प्राथमिक अस्पताल भेजा गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। शुरुआती आशंका है कि मोड़ पर वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ने से यह हादसा हुआ।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की। सीएम धामी ने शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Comment