September 17, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

देवप्रयाग में दर्दनाक हादसा : 250 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

उत्तराखंड के देवप्रयाग क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडधार के पास उस समय हुआ, जब एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्सर निवासी अफजाल अपने परिवार के साथ पौड़ी की ओर जा रहे थे। वह ठेकेदारी का काम करते थे और इस बार काम के साथ परिवार को पहाड़ों की सैर कराने भी निकले थे। रास्ते में एक तीखे मोड़ पर वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद बोलेरो सीधे गहरी खाई में समा गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान चलाया। दुर्घटना में अफजाल (49), उनकी पत्नी शब्बो (40), बेटे शादाब (14) और अमन, बेटी अन्नाविया (3) तथा भाई गुफरान (34) की मौके पर ही मौत हो गई। सभी शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हादसे में घायल अरमान को उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। परिवार के एक रिश्तेदार के अनुसार, अफजाल अपने परिजनों के साथ पहाड़ों की खूबसूरती देखने निकले थे, लेकिन सफर बीच रास्ते में ही मातम में बदल गया। इस हादसे से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Comment