August 29, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

आईएमए पासिंग आउट परेड के चलते देहरादून में ट्रैफिक प्लान लागू, तीन दिन कई मार्ग रहेंगे डायवर्ट



भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड (पीओपी) को लेकर देहरादून पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। सुरक्षा और यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए 6 जून, 9 जून और 11 जून को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 6 और 9 जून को सुबह 5 बजे से 10 बजे तक तथा 11 जून को सुबह 5 बजे से 11:30 बजे तक विशेष ट्रैफिक प्लान प्रभावी रहेगा।

पुलिस के अनुसार परेड के दौरान आईएमए क्षेत्र पूरी तरह जीरो जोन रहेगा और अकादमी की ओर किसी भी सामान्य वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बल्लूपुर से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को रांघड़वाला तिराहे से मिट्ठी बेरी मार्ग के जरिए भेजा जाएगा, जबकि प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले वाहनों को प्रेमनगर चौक, दरू चौक, मिट्ठी बेरी और शिमला बाईपास होते हुए निरंजनपुर मंडी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

विशेष परिस्थितियों में प्रेमनगर से आने वाले वाहनों को एमटी सेक्शन गेट से आईएमए परिसर के भीतर से रांघड़वाला की ओर निकाला जाएगा। वहीं सेलाकुई और भाऊवाला क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला और नया गांव मार्ग के जरिए शहर की ओर भेजा जाएगा। देहरादून से विकासनगर जाने वाले भारी वाहनों को भी शिमला बाईपास से डायवर्ट कर धर्मावाला मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों पर यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य लें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। आईएमए की पासिंग आउट परेड देश के गौरवशाली सैन्य आयोजनों में शामिल है, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
आईएमए पासिंग आउट परेड के चलते देहरादून में ट्रैफिक प्लान लागू, तीन दिन कई मार्ग रहेंगे डायवर्ट

Leave a Comment