August 22, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को विद्यार्थियों की शानदार प्रतिक्रिया, 2.5 लाख से अधिक प्रविष्टियां



मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों से अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिल रही है। अब तक 2.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पोर्टल पर निबंध और सुझाव जमा कर उत्तराखण्ड के भविष्य को लेकर अपना विजन साझा किया है।

बीते 10 अगस्त को मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब तीन लाख विद्यार्थियों से ऑनलाइन संवाद कर उनसे पूछा था कि वे आने वाले वर्षों में उत्तराखण्ड को किस रूप में देखना चाहते हैं। इसके बाद सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अभियान में भागीदारी की।

विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक समेत आठ प्रमुख विषयों पर अपने विचार और सुझाव दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि विद्यार्थियों के अच्छे एवं व्यावहारिक सुझावों का स्वयं अवलोकन किया जाएगा और उपयोगी विचारों को राज्य की नीतियों एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान के तहत 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को वरिष्ठ अधिकारियों एवं सचिवों के साथ अपने विचारों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री स्वयं भी इन विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विजन को जानेंगे। श्रेष्ठ विद्यार्थियों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग सहित अन्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

अभियान में पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के साथ ही सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी देखने को मिल रही है। निबंध जमा करने वाले विद्यार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जा रहा है। 24 अगस्त निबंध जमा करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।

अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि नई पीढ़ी को राज्य की विकास प्रक्रिया और नीति निर्माण से सीधे जोड़ना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी भी अभियान की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि युवा केवल विकास योजनाओं के लाभार्थी न रहें, बल्कि ‘विकसित उत्तराखण्ड’ के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के विचार आज के उत्तराखण्ड को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं और युवाओं के अच्छे एवं व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश के विकास में स्थान दिया जाएगा।

Leave a Comment