Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 22, 2026
Daily Lok Manch
उत्तर प्रदेश राजनीतिक राष्ट्रीय

काशी से राजतिलक का संघर्ष, यूपी चुनाव के सातवें चरण में पीएम मोदी, अखिलेश और प्रियंका-राहुल का आखिरी सियासी दांव

आखिरकार अब यूपी का चुनावी समर आखिरी चरण में आ गया है। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने 7 मार्च को होने वाले सातवें चरण के चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 349 सीटों पर वोटिंग पूरी हो चुकी है। अब 54 सीटों के लिए मतदान और होना है। सातवें चरण में आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र जिले में वोट डाले जाएंगे। धार्मिक नगरी वाराणसी काशी इस अंतिम सियासी रण के लिए केंद्र बिंदु बन चुकी है। इसका कारण है कि काशी से ही भाजपा सपा कांग्रेस बसपा समेत अन्य दल चुनाव की विजय गाथा लिखने के लिए मैदान में कूद पड़े हैं। सातवें चरण के चुनाव प्रचार खत्म होने में अब केवल 30 घंटे से भी कम समय रह गया है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सपा पूर्व अखिलेश यादव और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने वाराणसी में डेरा डाल दिया है। सातवें चरण में सबसे खास बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के आस-पास जनपदों में मतदान होना है। बता दें कि शनिवार शाम 6 बजे तक चुनाव प्रचार खत्म होने से पहले सभी राजनीतिक दल चुनाव के आखिरी चरण के लिए पूरी ताकत झोंके हुए हैं। समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को काशी में बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। जिसमें अखिलेश यादव, चाचा शिवपाल यादव, रामगोपाल यादव पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी और सुभासपा के अध्यक्ष एवं ओमप्रकाश राजभर समेत तमाम सपा के गठबंधन दलों के नेता मंच पर मौजूद रहे। आज समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव वाराणसी में रोड शो करेंगे। इसके साथ अखिलेश काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन भी करने जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र में दो दिनों तक डेरा डाल दिया है। पीएम मोदी आज और कल काशी में रोड शो जनसभाएं समेत कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे ‌। पीएम शाम लगभग 4 बजे के आसपास मलदहिया स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रोड शो शुरू होगा।‌ वहीं राहुल और प्रियंका गांधी भी आज वाराणसी में काशी विश्वनाथ में पूजा करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। बता दें कि गुरुवार को बसपा सुप्रीमो मायावती भी काशी पहुंचीं थीं। 

Leave a Comment