उत्तराखंड को साहित्यिक पर्यटन का केंद्र बनाने की दिशा में बढ़ रही सरकार: मुख्यमंत्री धामी - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 17, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड को साहित्यिक पर्यटन का केंद्र बनाने की दिशा में बढ़ रही सरकार: मुख्यमंत्री धामी




मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से आए वरिष्ठ लेखकों और साहित्यकारों के साथ संवाद किया। इस दौरान साहित्यकारों ने मुख्यमंत्री को अपनी स्वरचित पुस्तकें भेंट कीं। मुख्यमंत्री ने सभी लेखकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके साहित्यिक योगदान और वर्तमान लेखन पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साहित्यकार समाज का दर्पण होने के साथ-साथ उसे सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक भी होते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सामाजिक चेतना के संवर्धन में साहित्यकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार प्रदेश में सशक्त साहित्यिक वातावरण तैयार करने और साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड महर्षि वेदव्यास सहित अनेक ऋषि-मुनियों की तपोभूमि और कर्मभूमि रही है। इस भूमि ने ऐसे साहित्यकार दिए हैं जिन्होंने भारतीय साहित्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। नई पीढ़ी में अध्ययन और लेखन की संस्कृति विकसित करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड भाषा संस्थान के माध्यम से प्रदेश के पुराने, बिखरे और अप्रकाशित साहित्य के संग्रह, संरक्षण और प्रकाशन का कार्य किया जा रहा है। साथ ही उत्तराखंड को साहित्यिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से दो साहित्य ग्राम स्थापित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। साहित्यकारों के सम्मान के लिए वर्ष 2022 में ‘उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान’ और वर्ष 2025 में ‘दीर्घकालीन साहित्य सेवी सम्मान’ की शुरुआत की गई है।

हरेला पर्व के अवसर पर रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘1000 पुस्तक दान अभियान’ को समर्थन देते हुए मुख्यमंत्री ने ‘लेखकों से संवाद’ कार्यक्रम में मौजूद लेखकों की 50 पुस्तकें स्वयं खरीदकर रुद्रप्रयाग के सार्वजनिक पुस्तकालय को उपलब्ध कराने की घोषणा की।

उन्होंने रुद्रप्रयाग में “एक पुस्तक, एक वृक्ष, एक उज्ज्वल भविष्य” थीम पर चल रहे पुस्तक संग्रह अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकें समाज में ज्ञान, संस्कार और सकारात्मक सोच की आधारशिला हैं। यह पहल पुस्तक दान की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं में पढ़ने की आदत को भी मजबूत करेगी।

कार्यक्रम में मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पूर्व पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी, सचिव रणवीर सिंह चौहान, डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल सहित प्रदेश के अनेक साहित्यकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related posts

उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत की कार पलटी, बाल-बाल बचे

admin

74 साल बाद लौटी “रफ्तार” : पीएम मोदी ने अपना जन्मदिवस मनाया खास अंदाज में, “कूनो में प्रधानमंत्री ने खुद पिजड़ा खोलकर 3 चीतों को छोड़ा”, देखें वीडियो

admin

Uttarakhand Vande Bharat express : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देहरादून में सीएम धामी से की मुलाकात, कल वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

admin

Leave a Comment