September 20, 2026
Daily Lok Manch
अपराध उत्तराखंड

राजधानी देहरादून के भीड़भाड़ वाले बाजार में दिनदहाड़े युवती की बेरहमी से हत्या से पूरे शहर में मचा हड़कंप, व्यापारियों ने गिराए शटर

देहरादून के दिल कहे जाने वाले पलटन बाजार में शुक्रवार सुबह जो हुआ, उसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। भीड़भाड़ वाले बाजार में अचानक चीख-पुकार मच गई, दुकानदार सन्न रह गए और राह चलते लोग खौफ से ठिठक गए। एक 23 वर्षीय युवती की सरेआम गला रेतकर हत्या कर दी गई। चंद पलों में रौनक से भरा बाजार दहशत और आक्रोश के सन्नाटे में बदल गया।

गुंजन फाईल फोटो

घटना मछली बाजार कोतवाली क्षेत्र की है। मृतक युवती की पहचान गुंजन के रूप में हुई है, जो पलटन बाजार में ही काम करती थी। पुलिस के मुताबिक, गुंजन शुक्रवार सुबह स्कूटी से बाजार पहुंची थी। इसी दौरान एक युवक उससे बातचीत करता नजर आया। अचानक युवक ने धारदार हथियार (चापड़) निकाला और गुंजन पर हमला कर दिया। लोगों के कुछ समझ पाने से पहले ही आरोपी ने युवती का गला रेत दिया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।


वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पलटन बाजार बंद करा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पूर्व में मछली बाजार स्थित एक दुकान में काम करता था और मृतक युवती को पहले से जानता था। वारदात में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी और गुंजन के बीच पिछले दो साल से दोस्ती थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।

आरोपी शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी पहले भी युवती को जान से मारने की धमकी दे चुका था। 31 जनवरी को गुंजन ने आरोपी के खिलाफ पुलिस चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई थी, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था। देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि घटना सुबह करीब 10 बजे की है। आरोपी पिछले कुछ दिनों से युवती से बातचीत नहीं कर रहा था और आज अचानक बाजार में सामने आकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


इस सनसनीखेज हत्या ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment