गैस उपभोक्ताओं के लिए झटका : अब इतनी जल्दी नहीं मिलेगा गैस सिलेंडर! सरकार ने बदले बुकिंग नियम - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
April 19, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

गैस उपभोक्ताओं के लिए झटका : अब इतनी जल्दी नहीं मिलेगा गैस सिलेंडर! सरकार ने बदले बुकिंग नियम

घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए एक अहम बदलाव किया गया है। केंद्र सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की रीफिल बुकिंग के नियमों में संशोधन करते हुए वेटिंग पीरियड बढ़ा दिया है। अब उपभोक्ता एक सिलेंडर की डिलीवरी मिलने के बाद दूसरा सिलेंडर पहले की तरह 21 दिन में नहीं, बल्कि 25 दिन बाद ही बुक कर सकेंगे। सरकार का कहना है कि यह कदम गैस की जमाखोरी रोकने और जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक हाल के दिनों में कुछ उपभोक्ता बहुत कम समय में बार-बार गैस सिलेंडर बुक करने लगे थे। पहले जहां एक उपभोक्ता औसतन करीब 55 दिनों में एक सिलेंडर बुक करता था, वहीं अब कुछ लोग 15 दिन के भीतर ही दोबारा बुकिंग कराने लगे थे। ऐसे में सरकार ने नियमों में बदलाव करते हुए वेटिंग पीरियड को 25 दिन कर दिया है, ताकि अनावश्यक बुकिंग पर रोक लगाई जा सके और वास्तविक जरूरतमंद लोगों को गैस की सप्लाई सुचारु रूप से मिल सके।
सरकार का मानना है कि इस बदलाव से गैस की कृत्रिम कमी या जमाखोरी जैसी स्थितियों पर भी अंकुश लगेगा। खासतौर पर ऐसे समय में जब अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए ऊर्जा संसाधनों को लेकर चिंताएं बढ़ी हुई हैं, सरकार आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित बनाए रखना चाहती है।
इधर हाल ही में सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद दिल्ली में अब यह सिलेंडर 913 रुपये में मिल रहा है, जबकि पहले इसकी कीमत 853 रुपये थी। वहीं 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये का इजाफा किया गया है और अब यह 1883 रुपये में उपलब्ध है। बढ़ी हुई कीमतें 7 मार्च से लागू हो चुकी हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को भी घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। यानी करीब एक साल बाद फिर से कीमतों में इजाफा हुआ है। वहीं 1 मार्च 2026 को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भी 31 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी।
सरकार ने गैस के दामों में बढ़ोतरी ऐसे समय में की है जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव का माहौल बना हुआ है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते टकराव के कारण ऊर्जा आपूर्ति को लेकर कई देशों में चिंता जताई जा रही है। ऐसे हालात में सरकार गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को संतुलित बनाए रखने के लिए यह कदम उठा रही है।

Related posts

Himachal Pradesh BJP Reshuffle फेरबदल : हिमाचल प्रदेश में राजीव बिंदल बने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी ने दो संगठन मंत्रियों को भी किया नियुक्त

admin

New GST Rate जीएसटी में कटौती से युवाओं को मिलेगा बड़ा फायदा, 22 सितंबर से लागू होंगे नए सुधार

admin

अहमदाबाद में पीएम मोदी के खिलाफ पोस्टर लगाने वाले आम आदमी पार्टी के 8 कार्यकर्ता गिरफ्तार

admin

Leave a Comment