August 25, 2026
Daily Lok Manch
मनोरंजन राष्ट्रीय

भारतीय सिनेमा और टेलीविजन जगत के लिए दुखद खबर : ‘गजनी’ के विलेन और ‘महाभारत’ के अश्वत्थामा नहीं रहे, अभिनेता प्रदीप रावत ने दुनिया को कहा अलविदा

भारतीय सिनेमा और टेलीविजन जगत के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। ‘गजनी’, ‘लगान’, ‘सरफरोश’ और बी.आर. चोपड़ा के चर्चित धारावाहिक ‘महाभारत’ में अपने दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाले वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने उनके निधन की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने 4 अगस्त की शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच अंतिम सांस ली। वह पिछले डेढ़ महीने से कैंसर से जूझ रहे थे और एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें ब्लड कैंसर था।

प्रदीप रावत ने चार वर्ष पहले कैंसर को मात दी थी, लेकिन हाल के महीनों में बीमारी ने दोबारा उन्हें घेर लिया। स्वास्थ्य लगातार बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार बुधवार शाम मुंबई में किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को गोरेगांव स्थित उनके आवास पर रखा जाएगा। अपने पीछे वह पत्नी कल्याणी रावत और 18 वर्षीय बेटे विक्रमादित्य को छोड़ गए हैं।

प्रदीप रावत का जन्म 21 जनवरी 1952 को मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुआ था। उन्होंने अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई और खलनायक के रूप में दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी। अपने लंबे करियर में उन्होंने हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में भी काम किया। उनकी दमदार आवाज, प्रभावशाली व्यक्तित्व और सशक्त अभिनय ने उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार कलाकारों में शामिल किया।

उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के ऐतिहासिक धारावाहिक ‘महाभारत’ में अश्वत्थामा की भूमिका से की थी। इस किरदार ने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने ‘सरफरोश’, ‘लगान’, ‘गजनी’, ‘आवारापन’, ‘बैजू बावरा’ और ‘ग्रैंड मस्ती’ जैसी फिल्मों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आमिर खान अभिनीत ‘गजनी’ में उनका निभाया गया खलनायक किरदार आज भी दर्शकों को याद है। वहीं ‘लगान’ में देवा के रूप में उनकी भूमिका को भी काफी सराहा गया था। दक्षिण भारतीय सिनेमा में उन्होंने फिल्म ‘सई’ से कदम रखा और कई चर्चित नकारात्मक किरदार निभाए।

उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म जगत और सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई। अभिनेता यशपाल शर्मा ने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “प्रदीप रावत, हमारे गजनी, लगान के देवा, आपको श्रद्धांजलि।” इसके बाद हजारों प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। कई लोगों ने उनकी फिल्मों के यादगार दृश्य और संवाद साझा किए। प्रशंसकों का कहना है कि भारतीय सिनेमा ने एक ऐसा कलाकार खो दिया है, जिसकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस, प्रभावशाली अभिनय और यादगार खलनायकी को लंबे समय तक भुलाया नहीं जा सकेगा।

Leave a Comment