August 29, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में जमीन दिलाने की मदद मांगी : बोले- 3 साल से तलाश रहा हूं, यहीं बनाऊंगा अपना पहला घर, क्रिकेटर को जवाब देते हुए सीएम धामी ने कहा- अधिकारी जल्द आपसे संपर्क करेंगे



भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में जमीन खरीदकर अपना पहला घर बनाने की इच्छा जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी है। पंत ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर CM धामी को टैग करते हुए बताया कि वह पिछले करीब तीन साल से उत्तराखंड में जमीन तलाश रहे हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।

पंत ने कहा कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं। उनका सपना है कि अपनी मातृभूमि में अपना पहला घर बनाएं और अपने पहाड़ी लोगों के बीच रहकर प्रदेश के लिए काम करें। उन्होंने जमीन खरीदने की प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता नहीं होने पर भी चिंता जताई।

पंत ने साफ किया कि वह सरकार से मुफ्त जमीन नहीं मांग रहे हैं। अगर सरकार जमीन उपलब्ध कराने में मदद करती है तो वह उसे सरकार की तय दर पर खरीदने के लिए तैयार हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से जमीन खरीदने की प्रक्रिया में मदद करने की अपील की।

पंत की अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जवाब देते हुए कहा कि ऋषभ पंत उत्तराखंड के गौरव हैं और उन्होंने अपनी उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपनी मातृभूमि के प्रति पंत के प्रेम और यहां लौटकर प्रदेश के लिए योगदान देने की भावना को सराहनीय बताया।

CM धामी ने कहा कि पंत द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। अधिकारी जल्द ही उनसे संपर्क करेंगे और नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।

बता दें कि अगस्त 2022 में उत्तराखंड सरकार ने ऋषभ पंत को राज्य का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया था। पंत का जन्म हरिद्वार जिले के रुड़की में हुआ है। अब उन्होंने सार्वजनिक रूप से उत्तराखंड में अपना घर बनाने और अपना बेस यहां शिफ्ट करने की इच्छा जाहिर की है।

Leave a Comment