पीएम मोदी का 17 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब दौरा: 26,800 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
July 15, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

पीएम मोदी का 17 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब दौरा: 26,800 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह लगभग 26,800 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। कार्यक्रमों में रेलवे, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सांस्कृतिक विरासत और हरित परिवहन से जुड़ी कई अहम परियोजनाएं शामिल हैं।

हरियाणा में पहली हाइड्रोजन ट्रेन और विकास परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री मोदी जींद में लगभग 14,700 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह जींद और सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को भी झंडी दिखाएंगे। हाइड्रोजन फ्यूल सेल से संचालित यह ट्रेन दुनिया की सबसे लंबी और सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेनों में शामिल है। यह शून्य कार्बन उत्सर्जन करेगी और इससे केवल जल वाष्प का उत्सर्जन होगा।

कुरुक्षेत्र में बनेगा सिख संग्रहालय

पीएम नरेंद्र मोदी कुरुक्षेत्र में सिख गुरुओं की विरासत और सिख परंपरा को समर्पित सिख संग्रहालय की आधारशिला रखेंगे। संग्रहालय में आधुनिक तकनीक के माध्यम से सिख गुरुओं की शिक्षाओं, उनके साहस, बलिदान और भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति में सिख समुदाय के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।

चंडीगढ़ में स्वास्थ्य और शिक्षा अवसंरचना को मिलेगा बढ़ावा

प्रधानमंत्री चंडीगढ़ में 6,600 करोड़ रुपए से अधिक की स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वह पीजीआईएमईआर में एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर का उद्घाटन करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत 150 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक की आधारशिला भी रखेंगे। शिक्षा क्षेत्र में पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज और गवर्नमेंट कॉलेज, सेक्टर-46 में नए छात्रावासों और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी।

सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए कई परियोजनाएं

पीएम मोदी मोहाली आईटी सिटी से कुराली तक 6 लेन ग्रीनफील्ड राजमार्ग का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा जीरकपुर ग्रीनफील्ड बाईपास और अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड राजमार्ग (एनएच-205ए) के पीआर-7 कॉरिडोर की आधारशिला रखेंगे। इन परियोजनाओं से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच संपर्क बेहतर होगा।

पंजाब में रेल और सड़क परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

जालंधर में प्रधानमंत्री 5,470 करोड़ रुपए से अधिक की रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वह अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 20 राज्यों के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। लगभग 1,570 करोड़ रुपए की लागत से विकसित इन स्टेशनों में आधुनिक सुविधाओं के साथ स्थानीय विरासत और संस्कृति की झलक भी दिखाई देगी।

नई रेल लाइन और ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री लगभग 830 करोड़ रुपए की लागत से तैयार दौलतपुर चौक-करतोली नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे, जिससे पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। वह करतोली-अंबाला रेल सेवा और अमृतसर (छेहर्टा)-वाराणसी रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

एक्सप्रेसवे और बाईपास परियोजनाओं का होगा शुभारंभ

पीएम नरेंद्र मोदी 3,070 करोड़ रुपए से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के 30.9 किलोमीटर लंबे पैकेज-6 का उद्घाटन तथा 25.2 किलोमीटर लंबे दक्षिणी लुधियाना ग्रीनफील्ड बाईपास की आधारशिला शामिल है। इन परियोजनाओं से यात्रा का समय घटेगा, संपर्क बेहतर होगा और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। 

Related posts

प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में आज देश को संबोधित करेंगे

admin

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट : देशभर में भारी बारिश की चेतावनी

admin

अमरनाथ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब: दो दिन में 32 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन

admin

Leave a Comment