September 18, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

पीएम मोदी ने जन्मदिन पर देशभर से बधाई देने वाले लोगों का आभार जताया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को उनके 76वें जन्मदिन पर देशभर से बधाई देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘देशभर से मिल रही शुभकामनाओं, स्नेह और आशीर्वाद के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘स्नेह से भरे हर शब्द को मैं दिल से संजोकर रखता हूं और ये मुझे अपने लोगों की सेवा करने के लिए नयी ऊर्जा प्रदान करते हैं।’’

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘मैं दिनभर सेवा कार्यों में लगे सभी लोगों की भी सराहना करता हूं। आइए, हम सभी मिलकर ‘विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते रहें।’’

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष और विभिन्न दलों के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सुशासन के क्षेत्र में नये मानदंड स्थापित किए हैं और समावेशी विकास को अभूतपूर्व गति देने के साथ-साथ उसे नयी दिशा भी प्रदान की है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’

राष्ट्रपति मुर्मू के संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए मोदी ने उनकी शुभकामनाओं के लिए आभार जताया और कहा कि उनका ‘‘मार्गदर्शन और प्रेरणा’’ राष्ट्र निर्माण की यात्रा में अमूल्य है तथा इससे जनसेवा के प्रति सरकार के प्रयासों को और मजबूती मिली है।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर एक नयी पहचान बना रहा है। राधाकृष्णन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़ और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत दुनिया में एक सशक्त अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी अलग पहचान बना रहा है और सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

उन्होंने कहा, ‘‘25 करोड़ से अधिक भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। एक परिवर्तनकारी डिजिटल क्रांति ने लाखों लोगों को सशक्त बनाया है और हर क्षेत्र… उल्लेखनीय प्रगति का गवाह बना है।’’

राधाकृष्णन की ‘‘शुभकामनाओं’’ के लिए उनका आभार जताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार हर नागरिक को सशक्त बनाने और विकास का लाभ देश के हर कोने तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के लिए नयी ऊर्जा और संकल्प के साथ काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि लक्ष्य ‘विकसित भारत’ के निर्माण के सामूहिक संकल्प को पूरा करना है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में भारत आज आत्मविश्वास के साथ वैश्विक पटल पर अपनी नयी पहचान बना रहा है।

बिरला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आपके नेतृत्व में भारत आज आत्मविश्वास के साथ वैश्विक पटल पर अपनी नयी पहचान बना रहा है। विकास, आत्मनिर्भरता, नवाचार, डिजिटल प्रगति, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण की दिशा में देश निरंतर नये आयाम स्थापित कर रहा है।’’

पीएम मोदी ने बधाई संदेश के लिए बिरला का ‘‘हृदय से आभार’’ व्यक्त किया और कहा कि देश अपने नागरिकों की प्रतिभा और कड़ी मेहनत से प्रेरित होकर विकास के नये मानदंड स्थापित कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उनके (बिरला) समर्थन और आशीर्वाद से हम भारत को और अधिक मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

Leave a Comment