PM Modi Assam visit : पीएम मोदी आज असम में हजारों करोड़ रुपए की योजनाओं का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
February 14, 2026
Daily Lok Manch
Recent राष्ट्रीय

PM Modi Assam visit : पीएम मोदी आज असम में हजारों करोड़ रुपए की योजनाओं का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 फरवरी, 2026 को असम का दौरा करेंगे। वे सुबह लगभग 10:30 बजे डिब्रूगढ़ के मोरान बाईपास स्थित आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) पर उतरेंगे और वहां लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों तथा हेलीकॉप्टरों के एरियल डिस्प्ले का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वे दोपहर लगभग 1:00 बजे ब्रह्मपुत्र नदी पर बने सेतु का दौरा करेंगे और दोपहर लगभग 1:30 बजे गुवाहाटी के लचित घाट पर विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ करेंगे।

पूर्वोत्तर की पहली इमरजेंसी लैंडिंग सुविधा

मोरान बाईपास पर निर्मित आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) पूर्वोत्तर भारत में अपनी तरह की पहली व्यवस्था है। इसे भारतीय वायुसेना के समन्वय से आपात स्थिति के दौरान सैन्य और नागरिक विमानों के संचालन के लिए विकसित किया गया है। यह सुविधा प्राकृतिक आपदाओं या रणनीतिक परिस्थितियों में त्वरित बचाव और राहत कार्यों की तैनाती में अहम भूमिका निभाएगी।

दोहरे उपयोग वाले इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में विकसित यह ईएलएफ 40 टन तक के लड़ाकू विमानों और 74 टन अधिकतम टेक-ऑफ वजन वाले परिवहन विमानों के संचालन में सक्षम है, जिससे इमरजेंसी रिस्पॉन्स क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

5,450 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण

प्रधानमंत्री गुवाहाटी में 5,450 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य कनेक्टिविटी को गति देना, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना, उच्च शिक्षा को बढ़ावा देना और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार करना है। इन पहलों से पूर्वोत्तर क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

कुमार भास्कर वर्मा सेतु से घटेगा यात्रा समय

प्रधानमंत्री लगभग 3,030 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन करेंगे। गुवाहाटी को उत्तर गुवाहाटी से जोड़ने वाला यह 6-लेन एक्स्ट्राडोज्ड प्रेस्ट्रेस्ड कंक्रीट पुल पूर्वोत्तर भारत का पहला एक्स्ट्राडोज्ड पुल है। इसके चालू होने से दोनों क्षेत्रों के बीच यात्रा समय घटकर लगभग 7 मिनट रह जाएगा।

उच्च भूकंपीय संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पुल में बेस आइसोलेशन तकनीक और फ्रिक्शन पेंडुलम बियरिंग्स का उपयोग किया गया है। साथ ही, इसकी सुरक्षा और दीर्घकालिक संरचनात्मक प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए उन्नत स्टे केबल्स और ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम भी लगाया गया है।

राष्ट्रीय डेटा केंद्र से डिजिटल ढांचे को मजबूती

प्रधानमंत्री कामरूप जिले के अमिंगांव में पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय डेटा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। 8.5 MW स्वीकृत क्षमता वाला यह अत्याधुनिक डेटा केंद्र विभिन्न सरकारी विभागों के मिशन-क्रिटिकल एप्लिकेशन को होस्ट करेगा और अन्य राष्ट्रीय डेटा केंद्रों के लिए डिजास्टर रिकवरी केंद्र के रूप में भी कार्य करेगा। इससे क्षेत्र में नागरिक सेवाओं की डिजिटल डिलीवरी और आईसीटी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी।

इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री आईआईएम गुवाहाटी का उद्घाटन करेंगे, जिससे पूर्वोत्तर में प्रबंधन शिक्षा को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है।

पीएम-ईबस सेवा के तहत 225 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी

प्रधानमंत्री पीएम-ईबस सेवा योजना के तहत गुवाहाटी (100), नागपुर (50), भावनगर (50) और चंडीगढ़ (25) में कुल 225 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस पहल से 50 लाख से अधिक नागरिकों को स्वच्छ, किफायती और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

Related posts

जम्मू कश्मीर के राजौरी में सेना की एंबुलेंस गहरी खाई में गिरने से दो जवानों की मौत

admin

आखिरकार कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन ने भारत में किया प्रवेश, इस राज्य में मिले दो मामले

admin

26 जून, बुधवार का पंचांग और राशिफल

admin

Leave a Comment