Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 19, 2026
Daily Lok Manch
Recent अंतरराष्ट्रीय

पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की फोन पर बातचीत, द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा




प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच आज सोमवार को टेलीफोन पर बातचीत हुई। इस दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अलास्का में हुई हालिया बैठक की जानकारी साझा की। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन का आभार जताते हुए कहा कि भारत हमेशा से यूक्रेन संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान चाहता है और बातचीत व कूटनीति के जरिए विवाद सुलझाने का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि भारत इस दिशा में उठाए गए हर प्रयास के साथ खड़ा है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मेरे मित्र, राष्ट्रपति पुतिन को उनके फोन कॉल और अलास्का में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हालिया मुलाकात की जानकारी साझा करने के लिए धन्यवाद। भारत लगातार यूक्रेन विवाद के शांतिपूर्ण समाधान की अपील करता रहा है और हर प्रयास का समर्थन करता है। मैं आगे भी हमारे निरंतर संवाद की आशा करता हूं।”

दोनों नेताओं ने इस बातचीत में भारत-रूस विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, उन्होंने द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की और आपसी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई। इससे पहले 8 अगस्त को भी पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच फोन पर वार्ता हुई थी, जिसमें पुतिन ने उन्हें यूक्रेन से जुड़े हालिया घटनाक्रमों की जानकारी दी थी। उस समय भी मोदी ने भारत की स्थायी नीति दोहराई थी कि किसी भी संघर्ष का समाधान केवल संवाद और कूटनीति से ही संभव है।

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को इस साल के अंत में भारत में होने वाले 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि वह इस अवसर पर राष्ट्रपति पुतिन की मेजबानी को लेकर उत्सुक हैं। गौरतलब है कि राष्ट्रपति पुतिन आखिरी बार दिसंबर 2021 में भारत आए थे और 21वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन में शामिल हुए थे। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले वर्ष रूस की दो अहम यात्राएं की थीं-जुलाई में 22वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन और अक्टूबर में कजान में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लिया था।

Leave a Comment