कारगिल विजय दिवस पर सीएम धामी ने वीर सैनिकों को किया नमन, सैनिकों और शहीद परिवारों के लिए कई बड़ी घोषणाएं - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
July 26, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

कारगिल विजय दिवस पर सीएम धामी ने वीर सैनिकों को किया नमन, सैनिकों और शहीद परिवारों के लिए कई बड़ी घोषणाएं


देहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित सैनिक सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, शहीदों के परिजनों और सैन्य विभूतियों का सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम, अटूट संकल्प और अदम्य साहस का प्रतीक है, जो देश के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। उन्होंने बताया कि कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के 75 वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनका त्याग सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों का सम्मान और राष्ट्र की सुरक्षा राजनीति नहीं, बल्कि राष्ट्रधर्म का विषय है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना के बढ़े आत्मविश्वास, आधुनिक सैन्य क्षमता और सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक तथा ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब हर चुनौती का निर्णायक जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि सेना को आधुनिक और स्वदेशी हथियारों से सुसज्जित किया जा रहा है तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है। वन रैंक-वन पेंशन, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और रक्षा बजट में वृद्धि जैसे कदम सैनिकों के सम्मान के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाते हैं।

राज्य सरकार की ओर से सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि शहीदों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। बलिदानी सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में समायोजित करने, सरकारी नौकरी के आवेदन की समय-सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष करने तथा वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि परमवीर चक्र विजेताओं के लिए अनुग्रह राशि बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये कर दी गई है और देहरादून के गुनियाल गांव में सैन्य धाम का निर्माण अंतिम चरण में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए देश का पहला अग्निवीर रोजगार सेल स्थापित करेगी। पुलिस, वन विभाग और अन्य सरकारी सेवाओं में सेवामुक्त अग्निवीरों को प्राथमिकता देने, निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा पर्वतीय क्षेत्रों में होमस्टे स्थापित करने के लिए विशेष अनुदान देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व सैनिकों के शस्त्र लाइसेंस और सैन्य परिवारों से जुड़े भूमि विवादों के शीघ्र समाधान का भी भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने साहित्य और कविता को राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने का प्रभावी माध्यम बताते हुए राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की पंक्तियों के साथ शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ सहित बड़ी संख्या में सैनिक, पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं, सैन्य अधिकारी और प्रदेशवासी उपस्थित रहे।

Related posts

उत्तराखंड में सर्दी-जुकाम से पीड़ित लोगों का हुआ कोरोना टेस्ट

admin

Uttarakhand आज भारी बारिश को देखते हुए देहरादून के सभी कक्षा 1 से 12 तक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा।

admin

चमोली में बारिश ने मचाई तबाही: बादल फटने जैसे हालात, मलबे में दबे वाहन और घरों में घुसा सैलाब

admin

Leave a Comment