Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 22, 2026
Daily Lok Manch
राजनीतिक राष्ट्रीय

हनुमान चालीसा को लेकर अब दो महिला सांसदों में ठन गई, चतुर्वेदी ने नवनीत को किया घर में कैद

देश में लाउडस्पीकर और हनुमान चालीसा को लेकर अभी भी सियासत खूब तरीके से गरमाई हुई है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर के विरोध में हनुमान चालीसा का पाठ करने एलान किया था। करीब 15 दिनों से लाउडस्पीकर और हनुमान चालीसा को लेकर कई राजनीतिक दल के नेता एक दूसरे पर बयानबाजी करने में लगे हुए हैं। अब महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा को लेकर दो महिला सांसदों के बीच ठन गई है। अमरावती से निर्दलीय विधायक रवि राणा और उनकी पत्नी नवनीत राणा जो कि अमरावती से ही निर्दलीय लोकसभा सांसद हैं। नवनीत ने पिछले दिनों मुंबई स्थित सीएम उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने का एलान किया था। सांसद नवनीत राणा के इस एलान के बाद शिवसेना ने भी उनके खिलाफ ताल ठोंक दी है।  आज सुबह से राणा के मुंबई के खार स्थित घर के बाहर शिवसैनिकों ने डेरा जमा रखा है। जिस वजह से राणा दंपति बाहर नहीं निकल पा रहे हैं । शिवसेना की फायर ब्रांड नेता और राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी भी यहां पहुंच गईं। नवनीत के चैलेंज पर प्रियंका ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा का विरोध नहीं है। ढोंगी हनुमान भक्तों से दिक्कत है और उनका विरोध किया जा रहा है। शिवसेना की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि हम सांसद नवनीत राणा को रास्ता दिखाएंगे और कोल्हापुरी मिर्ची और बड़ा पाव खिलाकर स्वागत करेंगे। फिलहाल हनुमान चालीसा को लेकर मुंबई में भाजपा और शिवसेना के बीच घमासान मचा हुआ है। 

Leave a Comment