September 24, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

अब चंद घंटे में ही “सुपरटेक ट्विन टावर” इतिहास बन जाएगा, देश में पहली बार भ्रष्टाचार पर ऐसा तगड़ा प्रहार

(Noida supertech twin tower demolished today) : देश-दुनिया में संडे (रविवार) फुर्सत और आराम का दिन माना जाता है। लेकिन आज देश भर की निगाहें दो घटनाक्रमों पर लगी हुई है। पहली आज शाम यूएई में भारत और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच होने वाले एशिया कप टूर्नामेंट में महामुकाबले पर और दूसरा नोएडा स्थित सुपरटेक ट्विन टावर ‌को ध्वस्त करने पर। भारत और पाकिस्तान के बीच यह मैच आज शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। ‌ लेकिन उससे पहले आज दोपहर करीब 2:30 बजे नोएडा स्थित सुपर ट्विन टावर को एक झटके में जमींदोज कर दिया जाएगा। इसी के साथ देश में यह भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। बता दें कि पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने सुपरटेक ट्विन टावर को बनाने में नियमों की अनदेखी पर गिराने के आदेश जारी किए थे। करीब एक दशक से नोएडा के सेक्टर 93ए में स्थित ट्विन टावर का नामोनिशान हमेशा के लिए मिट जाएगा। पलक झपकते ही 3700 किलोग्राम बारूद इन इमारतों को ध्वस्त कर देगा। इसके लिए इमारतों में 9,640 छेद कर ये बारूद भरा गया है। सुपरटेक ट्विन टावर्स को गिराने में करीब 17.55 करोड रुपये का खर्च आने का अनुमान है। टावर्स को गिराने का यह खर्च भी बिल्डर कंपनी सुपरटेक ही वहन करेगी। इन दोनों टावरों में अभी कुल 950 फ्लैट्स बने हैं और इन्हें बनाने में सुपरटेक ने 200 से 300 करोड़ रुपये खर्च किया था। सेक्टर 93ए में एमराल्ड कोर्ट और आसपास के एटीएस विलेज सोसाइटी के लगभग 5000 निवासियों को आज सुबह 7 बजे तक सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा गया था। साथ ही करीब 3000 वाहनों को हटाया गया है। इसके अलावा 150-200 पेट्स को भी वहां से दूर ले जाया गया है। जानकारी के मुताबिक कई लोग शनिवार को ही यहां से सुरक्षित स्थान पर चले गए थे। नोएडा के सेक्टर 93A में स्थित सुपरटेक ट्विन टावर की कुतुब मीनार से ज्यादा ऊंचे हैं। इन्हें महज 12 सेकंड में वाटरफॉल इम्प्लोजन टेक्नीक से गिराया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि ट्विन टावर भारत में अब तक की सबसे ऊंची बिल्डिंग होंगी, जिन्हें ध्वस्त किया जाएगा।

Leave a Comment