नेपाल में आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड के बाद भारत ने राहत और बचाव अभियान में मदद के लिए बुधवार को 10 टन मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) सामग्री और जरूरी दवाएं भेजीं। प्राकृतिक आपदाओं में फर्स्ट रिस्पॉन्डर की अपनी भूमिका को आगे बढ़ाते हुए भारत ने राहत सामग्री के साथ मेडिकल सप्लाई भी भेजी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि इस त्रासदी में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति भारत की संवेदनाएं हैं और इस कठिन समय में भारत नेपाल और उसके लोगों के साथ खड़ा है।
सी-130जे विमान से भेजी गई राहत सामग्री
विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, भारतीय वायुसेना का सी-130जे विमान राहत सामग्री लेकर नेपाल के लिए रवाना हुआ। इसमें अस्थायी आश्रय सामग्री, कंबल, स्वच्छता किट, सोलर लैंप और जरूरी दवाएं शामिल हैं। इसका उद्देश्य बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना है।
सी-17 और सी-130 से और राहत पहुंचाने की तैयारी
भारतीय वायुसेना ने एक्स पर बताया कि नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद तत्काल एक सी-130जे विमान भेजा गया है, जिसमें 10 टन जरूरी राहत सामग्री और मेडिकल सप्लाई है। वायुसेना ने कहा कि सी-17 और सी-130 विमानों के जरिए आगे भी राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा बचाव और लोगों को सुरक्षित निकालने के अभियानों के लिए हेलिकॉप्टर भी तैनात किए गए हैं।
पीएम मोदी ने बालेन्द्र शाह से की बात
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से फोन पर बात कर बाढ़ में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया था। मोदी ने नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता देने का भरोसा दिया और कहा कि भारत के लोग इस कठिन घड़ी में नेपाल के अपने भाई-बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।
राहत-बचाव में समन्वय से काम कर रहीं टीमें
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत राहत और बचाव कार्यों के लिए हर संभव सहायता देने को तैयार है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों की टीमें आपदा के बीच राहत और बचाव प्रयासों में समन्वय के साथ काम कर रही हैं।
कई विदेशी नागरिकों समेत लोग लापता
नई दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास ने कहा कि त्रासदी का दायरा बहुत बड़ा है और कई विदेशी नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं। दूतावास के मुताबिक, फिलहाल प्राथमिकता खोज एवं बचाव अभियान चलाकर लोगों की जान बचाने और प्रभावित लोगों तक जरूरी सहायता पहुंचाने की है।
रसुवा में फ्लैश फ्लड से भारी तबाही
बुधवार को नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई भीषण फ्लैश फ्लड के बाद कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। सैकड़ों लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रभावित इलाकों में खोज और बचाव अभियान लगातार जारी है। (

