August 24, 2026
Daily Lok Manch
Recent

उत्तराखंड में आज NEET-UG 2026 री-एग्जाम, 13 शहरों में 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा




उत्तराखंड में आज NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश के 13 शहरों के 56 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर 21 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। पेन-पेपर मोड में होने वाली इस परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षाकर्मी, सिटी कोऑर्डिनेटर और ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे, जबकि पेपर लीक की आशंका को रोकने के लिए पहली बार भारतीय वायुसेना के विमान और हेलिकॉप्टरों की मदद ली गई है।
परीक्षा केंद्रों के आसपास जीरो जोन घोषित किया गया है, जहां मीडिया की रिपोर्टिंग पर भी रोक रहेगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है। छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्र तक आने और वापस लौटने के लिए केवल अपना एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। यह व्यवस्था तीन दिनों तक प्रभावी रहेगी।
परीक्षा आज, 21 जून को दोपहर 2 बजे शुरू होगी, इसलिए अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। प्रवेश से पहले सघन जांच की जाएगी और सुरक्षा एजेंसियां पूरे समय निगरानी रखेंगी।
इस बार NTA ने परीक्षा नियमों में भी बदलाव किया है। परीक्षा की अवधि 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दी गई है। अब परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। वहीं PwD और PwBD श्रेणी के अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया गया है और वे शाम 6:20 बजे तक परीक्षा लिख सकेंगे।

Leave a Comment