भारतीय स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने लुसाने डायमंड लीग 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो दर्ज किया। हालांकि, बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद नीरज को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ने 88.14 मीटर के शानदार थ्रो के साथ प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 86.69 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
नीरज ने प्रतियोगिता की शुरुआत 83.54 मीटर के थ्रो से की। दूसरी ओर, रुमेश ने अपने पहले ही प्रयास में 85.99 मीटर की दूरी तय करते हुए बढ़त बना ली। दूसरे प्रयास में नीरज ने जोरदार वापसी की और 88.05 मीटर का थ्रो करते हुए शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। यह इस सीजन में नीरज का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
हालांकि, रुमेश ने भी अपना दम दिखाया। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 87.06 मीटर का थ्रो किया, लेकिन तीसरे प्रयास में 88.14 मीटर की दूरी तय करते हुए नीरज को पीछे छोड़ दिया। यही थ्रो अंत में रुमेश के लिए विजयी साबित हुआ।
नीरज का तीसरा प्रयास 83.72 मीटर का रहा। इसके बाद चौथे प्रयास में वह फाउल कर बैठे। पांचवें प्रयास में उन्होंने थ्रो नहीं किया, जबकि छठे और अंतिम प्रयास में उनका भाला 82.15 मीटर तक ही पहुंच सका। दूसरी ओर, रुमेश ने अपने पांचवें और छठे प्रयास में फाउल किया, लेकिन उनका तीसरा प्रयास उन्हें खिताब दिलाने के लिए पर्याप्त रहा।
इस तरह नीरज ने 88.05 मीटर के प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया। भले ही वह शीर्ष स्थान हासिल नहीं कर सके, लेकिन उनका यह प्रदर्शन इस सीजन में उनकी सबसे बड़ी थ्रो रही। नीरज की वापसी और फॉर्म को देखते हुए यह प्रदर्शन उनके लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
इससे पहले नीरज ने ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 85.83 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता था। उस प्रतियोगिता में भी श्रीलंका के रुमेश थरंगा ने 89.75 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
नीरज ने कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद माना था कि इंजरी से वापसी के कारण उनका प्रदर्शन प्रभावित हुआ है। अब लुसाने डायमंड लीग में 88.05 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो उनके लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाला प्रदर्शन है। हालांकि, एक बार फिर रुमेश थरंगा ने नीरज को पीछे छोड़कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।

