मसूरी विधानसभा को 17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 4, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

मसूरी विधानसभा को 17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास




देहरादून जिले के पुरुकुल क्षेत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के लिए 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ये परियोजनाएं मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही राज्य को खेल, पर्यटन और साहसिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में मसूरी की पहचान देशभर में है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण कार्य जारी है तथा मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना के माध्यम से अनेक गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है।

यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य सीआरएफ योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। वहीं ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी परियोजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने के लिए सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया है। समान नागरिक संहिता लागू करने के साथ दंगों के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से ही क्षति की भरपाई कराने का कानून भी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने स्टार्टअप नीति, एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी कई पहलें शुरू की हैं। इन योजनाओं से हजारों युवा अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर सृजित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है और नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर रहा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।

इस अवसर पर ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर और लक्ष्मण सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related posts

सीएम धामी ने ऋषिकेश में हेमकुंड साहिब यात्रा के पहले जत्थे को किया रवाना, 20 मई को खुलेंगे कपाट

admin

जनसुनवाई से दिव्यांगों को सौगात : मुख्यमंत्री धामी ने सुनी समस्याएं, बांटे सहायक उपकरण

admin

उत्तराखंड में सख्त नकल विरोधी कानून लागू, राज्यपाल ने दी मंजूरी

admin

Leave a Comment