मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद ऊधमसिंह नगर के खटीमा क्षेत्र स्थित उभरते हुए पर्यटन स्थल लोहियाहेड वाटर बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से विकास कार्यों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहियाहेड वाटर बाईपास में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए इसे एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि शारदा कॉरिडोर और शारदा रिवर फ्रंट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के तहत भी इस क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में काम किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही स्थानीय व्यवसायों, स्वरोजगार और लोगों की आय में भी वृद्धि होगी। सरकार का प्रयास है कि राज्य के प्रत्येक क्षेत्र की पर्यटन क्षमता का उपयोग कर स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को लोहियाहेड वाटर बाईपास के विकास के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

