गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार सुबह बाइक सवार युवती को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। हादसे में युवती सड़क पर गिर गई और उसकी स्पोर्ट्स बाइक करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। पूरी घटना बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। हादसे के बाद कार सवार युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।
घटना गुरुग्राम की रहने वाली सिया के साथ हुई। वह रविवार सुबह अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर स्पोर्ट्स बाइक अप्रिलिया आरएस 457 से राइड कर रही थीं। सिया का आरोप है कि राइड शुरू होने के कुछ समय बाद ही मारुति सियाज कार में सवार युवक लगातार उनकी बाइक के आसपास आने की कोशिश करने लगे। उन्होंने कार सवारों को दूरी बनाए रखने के लिए कहा, लेकिन इसके बावजूद उनकी हरकतें जारी रहीं।

सिया के मुताबिक, कार सवार युवकों ने पहले उन्हें बाइक रोकने का इशारा किया। सुबह के समय सड़क पर अनजान युवकों के इस तरह रोकने की कोशिश करने पर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसलिए उन्होंने बाइक नहीं रोकी और आगे बढ़ती रहीं। उनका कहना है कि कार कुछ दूरी तक उनके पीछे चलती रही।
इसके बाद कार सवार युवक ने बाइक को आगे जाकर ओवरटेक किया और अचानक साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गईं। उनकी स्पोर्ट्स बाइक सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। सिया ने बताया कि वह राइडिंग गियर पहने हुए थीं, जिसकी वजह से हादसे में उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं। हालांकि बाइक को नुकसान पहुंचा।
हादसे के बाद सिया के साथ राइड कर रहे दूसरे बाइक सवारों ने कार का पीछा करने की कोशिश की। साथियों ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी चालक ट्रैफिक लाइट के पास उन्हें चकमा देकर वहां से निकल गया। इसके बाद कार सवारों का पता नहीं चल सका। घटना के दौरान बाइक पर लगे कैमरे में कार और टक्कर का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया, जिसे पुलिस जांच में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
मामले में सामने आए कार चालक की पहचान पलवल निवासी कल्याण बैंसला के रूप में बताई गई है। वह जिम चलाता है। मीडिया से बातचीत में कल्याण बैंसला ने कहा कि वह उस समय अपने परिवार के साथ कार में जा रहा था। उसके मुताबिक, उसने युवती को बाइक धीमी गति से चलाने के लिए कहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि कार से बाइक की टक्कर हुई थी।
कल्याण बैंसला ने कहा कि वह मौके पर इसलिए नहीं रुका क्योंकि उसे आशंका थी कि वहां मौजूद लोग उसके साथ मारपीट कर सकते थे। उसका कहना है कि यदि वह रुक जाता तो बाइक सवारों और उनके साथियों से विवाद बढ़ सकता था।
दूसरी ओर, सिया का आरोप है कि कार सवार युवक शुरुआत से ही उनके साथ गलत व्यवहार कर रहे थे और गलत इशारे कर रहे थे। उन्होंने बताया कि युवकों का व्यवहार उन्हें असहज करने वाला था और वे नशे में भी दिखाई दे रहे थे। इसी वजह से उन्होंने अनजान युवकों के कहने पर बाइक रोकना उचित नहीं समझा।
गुरुग्राम पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बाइक पर लगे कैमरे की रिकॉर्डिंग और घटनास्थल के आसपास लगे दूसरे कैमरों की फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस की तीन टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपी की पहचान और हादसे की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जाएगा।

