September 6, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में धामी सरकार ने 11 आईएएस और आईएफएस अधिकारियों के किए तबादले, कई वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी, देखें शासनादेश

उत्तराखंड सरकार ने शुक्रवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 11 वरिष्ठ आईएएस और आईएफएस अधिकारियों के तबादले तथा विभागीय जिम्मेदारियों में व्यापक बदलाव किए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के बाद शिक्षा, परिवहन, वित्त, आबकारी, सचिवालय प्रशासन, पंचायतीराज और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बदलाव को सरकार की प्रशासनिक कार्यशैली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


सबसे बड़ा बदलाव विद्यालयी शिक्षा विभाग में किया गया है। सचिव रविनाथ रमन से स्कूल शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी वापस लेकर ज्योति यादव को नया सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं रविनाथ रमन को अब परिवहन विभाग का सचिव और आयुक्त-परिवहन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में बृजेश कुमार संत से परिवहन विभाग हटाकर उन्हें आबकारी विभाग का सचिव बनाया गया है। ललिरिन लियाना फैनई से आबकारी विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। रणवीर सिंह चौहान को वित्त विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि नितेश कुमार झा से सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग हटाकर उन्हें पंचायतीराज विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का प्रभार अब डॉ. पंकज कुमार पांडेय को सौंपा गया है। इन बदलावों को शासन की नई प्रशासनिक रणनीति के तहत महत्वपूर्ण माना जा रहा है और आने वाले दिनों में इन विभागों के कामकाज पर इसका सीधा असर देखने को मिल सकता है।

Leave a Comment