Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 9, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

बागेश्वर में कॉलेज के बाबू ने ही प्रिंसिपल की आज सुबह सरेराह चाकू मारकर कर दी हत्या, आरोपी फरार

उत्तराखंड के राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य की शनिवार सुबह स्कूल जाते समय चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक प्रधानाचार्य की पहचान 55 वर्षीय दयानंद टम्टा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विद्यालय का ही बाबू पहले से रास्ते में चाकू लेकर उनकी प्रतीक्षा कर रहा था। जैसे ही प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा वहां पहुंचे, आरोपित ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

प्रधानाचार्य की मौत की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में शिक्षकों, परिचितों, स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देने वाले दयानंद टम्टा की इस तरह हुई हत्या से शिक्षक समुदाय भी स्तब्ध है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपित की तलाश और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में व्यक्तिगत विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

शिक्षक संगठनों और स्थानीय लोगों ने इस जघन्य वारदात की कड़ी निंदा करते हुए आरोपित के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर शिक्षकों की सुरक्षा और विद्यालयों के आसपास कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment