Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 21, 2026
Daily Lok Manch
Recent

पीएम मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो के बीच आज अहम वार्ता, रक्षा और समुद्री सहयोग पर रहेगा फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बैठक में भारत और इंडोनेशिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर जोर रहेगा। दोनों नेता रक्षा, समुद्री सहयोग, क्रिटिकल मिनरल्स, खाद्य सुरक्षा और डिजिटल अर्थव्यवस्था समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। साथ ही वर्ष 2018 में स्थापित व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी।

एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए राष्ट्रपति का जताया आभार

बैठक से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो द्वारा एयरपोर्ट पहुंचकर स्वागत किए जाने की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि राष्ट्रपति का स्वयं एयरपोर्ट पर आकर स्वागत करना उनके लिए बेहद गर्मजोशी और आत्मीयता से भरा क्षण था। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 में भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था, जिससे दोनों देशों के लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे।

जकार्ता पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार दोपहर अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे, जहां राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। यह प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया की चौथी यात्रा है, लेकिन व्यापक रणनीतिक साझेदारी स्थापित होने के बाद उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा है।

प्रम्बानन मंदिर परिसर का भी करेंगे दौरा

द्विपक्षीय वार्ता के अलावा प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो योग्याकार्ता स्थित प्रम्बानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे। यह इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर परिसर है और यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगी। उन्होंने इंडोनेशिया में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात को लेकर भी उत्साह जताया।

मंदिर संरक्षण की घोषणा संभव

भारत के इंडोनेशिया में राजदूत के अनुसार, दोनों नेता प्रम्बानन मंदिर परिसर के संरक्षण और पुनर्स्थापन कार्य की शुरुआत की घोषणा भी कर सकते हैं। पिछले वर्ष राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की नई दिल्ली यात्रा के दौरान दोनों देशों ने रणनीतिक और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए थे।

तीन देशों की यात्रा का पहला पड़ाव

इंडोनेशिया प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की यात्रा का पहला पड़ाव है। यहां की यात्रा पूरी करने के बाद वह उच्चस्तरीय बैठकों के लिए ऑस्ट्रेलिया और फिर न्यूजीलैंड का दौरा करेंगे।

Leave a Comment