Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 26, 2026
Daily Lok Manch
अपराध शिक्षा और रोज़गार

IIT Mandi Ragging : आईआईटी मंडी में जूनियरों की रैगिंग करने पर सीनियर्स पर कड़ा एक्शन, 10 छात्रों को 6 माह के लिए किया निलंबित, 72 पर लगाया गया जुर्माना

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी (IIT Mandi) में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के साथ रैगिंग( Ragging) हुई है। सीनियर ने उन्हें पार्टी के बहाने क्लास रूम में बुलाकर मुर्गा बनाया। मुंह दीवार की ओर करवाकर कई घंटे खड़ा रखा। उठक बैठक करवाई गई। संस्थान प्रबंधन ने मामले की जांच के बाद 10 सीनियर छात्रों को 6 महीने के लिए निलंबित कर उनसे छात्रावास खाली करवा लिया है।

तीन छात्रों के पद छीने गए

तीन आरोपित छात्र संगठन के पदाधिकारी भी थे। उन्हें पद से हटा दिया गया है। 72 अन्य सीनियर पर 15000-15000 रुपये जुर्माना लगाया गया है। सभी आरोपितों के अभिभावकों को संस्थान में तलब किया गया है। रैगिंग का मामला गत माह का है। विभिन्न ट्रेड के सीनियर छात्रों ने प्रथम वर्ष के छात्रों को मीटिंग एंड ग्रीटिंग के बहाने अपनी कक्षा में बुलाया था।

छात्रों को बनाया मुर्गा

परिचय करने के बाद उन्हें मुर्गा बनने को कहा गया। मुर्गा बनाने के बाद दीवार की ओर मुंह कर कई घंटे तक खड़ा रखा। उठक बैठक करवाई गई। कुछ दिनों के बाद मामला संस्थान प्रबंधन के संज्ञान में आया तो इसकी जांच की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाल आरोपित सीनियर की पहचान की गई। मामला एंटी रैगिंग कमेटी के पास गया

जांच में आरोप सही पाए जाने पर एंटी रैगिंग कमेटी ने निलंबन, छात्रावास खाली करवाने व जुर्माना लगाने की सिफारिश की थी। इसके आधार पर आरोपित सीनियर छात्रों पर कार्रवाई हुई है। हालांकि इस मामले में संस्थान के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा कुछ भी कहने से बच रहे हैं। संस्थान के एंटी रैगिंग सेल ने कनिष्ठ छात्रों के साथ रैगिंग होने व सीनियर के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की पुष्टि कर दी है।

Leave a Comment