Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 21, 2026
Daily Lok Manch
स्पोर्ट्स

हॉकी विश्व कप: भारत का ‘मस्ट विन’ मैच में पाकिस्तान से मुकाबला आज



हॉकी विश्व कप 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम बुधवार को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले में उतरेगी। एम्सटेलवीन के वैगनर स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रुप डी में अगले दौर में जगह बनाने के लिए टीम इंडिया की नजर पाकिस्तान के खिलाफ जीत पर होगी।

भारत ने टूर्नामेंट में अब तक दो मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसे एक जीत और एक हार मिली है। भारतीय टीम ने अपने शुरुआती मुकाबले में वेल्स को हराया था, लेकिन दूसरे मैच में इंग्लैंड के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा। वहीं पाकिस्तान की स्थिति ग्रुप डी में कमजोर है। पाकिस्तान ने दो मैचों में एक मुकाबला ड्रॉ खेला है, जबकि एक मैच में उसे हार मिली है।

भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी मुकाबला हमेशा से रोमांच और दबाव से भरा रहा है। क्रिकेट की तरह हॉकी में भी दोनों देशों की प्रतिद्वंद्विता काफी पुरानी है। हालांकि, हाल के वर्षों में भारत का प्रदर्शन पाकिस्तान की तुलना में काफी बेहतर रहा है। भारतीय टीम लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत प्रदर्शन कर रही है और ओलंपिक में भी पदक जीत चुकी है। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने 16 साल के लंबे अंतराल के बाद हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है।

दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 183 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें पाकिस्तान ने 82 और भारत ने 69 मैच जीते हैं, जबकि 32 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। हॉकी विश्व कप में दोनों टीमें पांच बार आमने-सामने हुई हैं। यहां भारत का रिकॉर्ड बेहतर है। भारत ने तीन मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को दो मैचों में सफलता मिली है। दोनों टीमों की आखिरी विश्व कप भिड़ंत 2010 में हुई थी, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया था।

अब भारतीय टीम एक बार फिर पाकिस्तान के खिलाफ अपने विश्व कप रिकॉर्ड को मजबूत करने के साथ अगले दौर में जगह पक्की करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा। मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार ऐप व वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।

Leave a Comment