हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) 18 सितंबर 2026 को बेंगलुरु में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना (IAF) को स्वदेशी LCA तेजस FOC ट्विन-सीटर ट्रेनर और HTT-40 बेसिक ट्रेनर एयरक्राफ्ट सौंपेगा। इसके साथ ही ध्रुव नेक्स्ट जेनरेशन (NG) हेलीकॉप्टरों की डिलीवरी पवन हंस लिमिटेड (PHL) को की जाएगी। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू मौजूद रहेंगे।
HAL के मुताबिक, यह कार्यक्रम भारत की स्वदेशी एयरोस्पेस क्षमता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन विमानों और हेलीकॉप्टरों की डिलीवरी के जरिए देश में सैन्य और नागरिक दोनों क्षेत्रों के लिए उन्नत एयरोस्पेस प्लेटफॉर्म के डिजाइन, विकास और निर्माण की क्षमता को प्रदर्शित किया जाएगा।
वायुसेना को मिलेंगे दो अहम ट्रेनर एयरक्राफ्ट
कार्यक्रम के दौरान भारतीय वायुसेना को LCA तेजस का FOC ट्विन-सीटर ट्रेनर और HTT-40 बेसिक ट्रेनर एयरक्राफ्ट सौंपा जाएगा। ट्विन-सीटर तेजस का इस्तेमाल पायलट प्रशिक्षण और परिचालन जरूरतों के लिए किया जा सकता है, जबकि HTT-40 को शुरुआती स्तर के पायलट प्रशिक्षण के लिए विकसित किया गया है।
वहीं, पवन हंस लिमिटेड को ध्रुव NG हेलीकॉप्टर सौंपे जाएंगे। इन हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल नागरिक क्षेत्र में विभिन्न परिचालन जरूरतों के लिए किया जाना है।
रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता पर जोर
सरकार लगातार रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में स्वदेशी डिजाइन, विकास और निर्माण को बढ़ावा दे रही है। इन प्लेटफॉर्म्स को शामिल किया जाना विदेशी स्रोतों पर निर्भरता कम करने और घरेलू रक्षा उत्पादन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा, HAL के CMD रवि के. सहित रक्षा और नागरिक उड्डयन क्षेत्र के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी हाल में तकनीकी आत्मनिर्भरता पर जोर दे चुके हैं। उनका कहना है कि भविष्य की सैन्य क्षमता में तकनीकी नेतृत्व महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और 2047 तक भारत को महत्वपूर्ण तकनीकों में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।

