August 28, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

सीएम धामी ने जनता की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन शिकायतों का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय, गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को भी जन समस्याओं के निस्तारण में प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा।

इस दौरान केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा और चारधाम यात्रा के सफल संचालन तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं पर राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रबंधन और लगातार निगरानी से यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में सफलता मिली है।

विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात कर बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बुग्याल उत्तराखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं तथा इनसे स्थानीय लोगों की आजीविका और पर्यटन जुड़ा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जन समस्याओं के समयबद्ध समाधान, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय रोजगार, पर्यटन विकास और प्रदेश के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment