Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 11, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

खटीमा में पैदल चलते हुए अचानक डेयरी पहुंचे सीएम धामी, चाय की चुस्की के साथ बढ़ाया स्थानीय कारोबारियों का हौसला

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा में अपनी सादगी और सहज अंदाज से लोगों का दिल जीत लिया। मेलाघाट रोड पर पैदल चलते हुए मुख्यमंत्री अचानक मिलन डेयरी पहुंच गए और वहां चाय की चुस्की लेते हुए स्थानीय कारोबारियों व लोगों से बातचीत की। मुख्यमंत्री को अपने बीच इस तरह सहज रूप में देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

मिलन डेयरी में चाय पीते हुए मुख्यमंत्री ने दुकानदारों और वहां मौजूद लोगों से आत्मीय बातचीत की। उन्होंने स्थानीय कारोबार, दुकानदारों की स्थिति और क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री का यह सहज अंदाज छोटे कारोबारियों के लिए प्रोत्साहन और सम्मान का संदेश देता नजर आया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों, दुकानों और छोटे कारोबारियों को बढ़ावा देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘वोकल फॉर लोकल’ केवल नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव है।

उन्होंने कहा कि जब लोग अपने आसपास के स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, तो इसका सीधा लाभ स्थानीय बाजार और अर्थव्यवस्था को मिलेगा। इससे छोटे कारोबारियों का मनोबल बढ़ने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान स्थानीय उत्पादों, हुनर और उद्यमिता से भी जुड़ी है। राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मेलाघाट रोड पर पैदल चलते हुए स्थानीय डेयरी पहुंचकर चाय पीने की मुख्यमंत्री की पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना का सहज उदाहरण बनी। इस दौरान उन्होंने संदेश दिया कि स्थानीय उत्पादों और कारोबार को बढ़ावा देना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है।

Leave a Comment