Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 31, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

सीएम धामी ने श्रीनगर को दी विकास योजनाओं की सौगात, नौ साल बाद शुरू हुई सिटी बस सेवा


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को श्रीनगर के श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को गति देते हुए 9.13 करोड़ रुपये की लागत वाली 9 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लंबे समय से प्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए करीब नौ साल बाद श्रीनगर में सिटी बस सेवा का भी शुभारंभ किया। उनके श्रीनगर पहुंचने पर बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखण्ड’ कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 2,01,530 रुपये के चेक प्रदान किए गए। इसके साथ ही 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट भी वितरित की गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर में शुरू की गई विकास योजनाएं क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जनसुविधाओं को मजबूत करने और स्थानीय विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होंगी। राज्य सरकार प्रदेश को विकास, सुशासन और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। पौड़ी जिले में भी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड के विकास के लिए कार्य कर रही हैं। चारों धामों को ऑल वेदर सड़क परियोजना से जोड़ा गया है, जिसका प्रमुख केंद्र श्रीनगर है। वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस रेल मार्ग पर श्रीनगर में भी स्टेशन बनाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

नगर निगम क्षेत्र में जिन विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया, उनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क और विभिन्न पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि लौह पुरुष ने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी थी। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पित रहा।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बच्चों के साथ उनका संवाद भी चर्चा का विषय रहा। कॉलेज गेट के समीप विद्यार्थियों को देखकर मुख्यमंत्री प्रोटोकॉल से हटकर अपने वाहन से उतरे और उनके बीच पहुंचकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना, जिससे विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment