Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 23, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने निर्माणाधीन बहुउद्देशीय जमरानी बांध परियोजना का हवाई सर्वेक्षण किया




उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नैनीताल जिले में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय जमरानी बांध परियोजना का हवाई सर्वेक्षण किया और स्थल पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने सौंग और जमरानी बांध परियोजना की प्रगति के संबंध में आयोजित सिंचाई एवं राजस्व विभाग की बैठक में अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों बांधों के निर्माण में स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उन्हें रोजगार उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने मीडिया से कहा कि सबसे पहले मैं उत्तराखंड की जनता की ओर से पीएम मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं कि यह परियोजना 6 दशक से भी ज्यादा समय से लंबित थी। काफी समय बीत गया, सरकारें आईं-गईं लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। पीएम मोदी के नेतृत्व में इस परियोजना को मंजूरी दी गई है। परियोजना को पूरा करने के लिए 2029 का लक्ष्य दिया गया है। हमारा प्रयास है कि परियोजना को समय पर पूरा किया जाए।

इसके बारे में जानकारी देते हुए सीएम धामी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि जमरानी बांध परियोजना को 2028 एवं सौंग बांध परियोजना को 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में दोनों परियोजनाओं का निर्माण तय समय पर पूरा हो इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। राजस्व विभाग यह सुनिश्चित करें कि यदि कोई प्रभावित मुआवजे से वंचित रह गया है तो उसे यथाशीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

सीएम धामी ने एक्स पर कहा कि दोनों ही परियोजनाएं राज्य विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इन परियोजनाओं के निर्माण से न सिर्फ हल्द्वानी और देहरादून शहर को पीने के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Comment